जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान में अगले तीन महीनों में पांच लाख घरों तक घरेलू पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस (डीपीएनजी) सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।

खनन एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोरा ने राज्य की सभी 13 सिटी गैस वितरण संस्थाओं को वर्तमान एक लाख 25 हजार घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शनों को आगामी तीन महीनों में पांच लाख घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

श्रीमती अरोरा ने रोडमैप बनाकर औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ने को कहा हैं। सीजीडी संस्थाओं को डीपीएनजी कनेक्शन जारी करने के काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए प्रतिदिन कनेक्शन जारी करने की वर्तमान कार्यक्षमता में तीन से चार गुणा बढ़ोतरी पर जोर दिया है। उल्लेखनीय है कि इस समय सीजीडी संस्थाओं द्वारा प्रतिदिन औसतन 50 कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं जिसे बढ़ाकर 200 कनेक्शन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में 13 सीजीडी संस्थाओं द्वारा 17 जियोग्राफिकल क्षेत्रों पर सीजीडी आधारभूत संरचना विकसित कर सीएनजी-पीएनजी सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में डीपीएनजी और औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्राकृतिक गैस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत संरचना विकसित हो गई है वहां सीजीडी संस्थाएं, जिला प्रशासन और स्थानीय नागरिक समन्वित प्रयास कर सीएनजी कनेक्शन जारी कराएं ताकि हरित उर्जा को बढावा दिया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित