जयपुर , मई 03 -- राजस्थान में बार काउंसिल राजस्थान (बीसीआर) चुनाव 2026 के तहत जयपुर उच्च न्यायालय परिसर में पुनर्मतदान को लेकर व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए 800 से अधिक कार्मिकों की तैनाती की गई है।
चुनाव व्यवस्था के तहत करीब 350 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। इसके अलावा 63 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों के अनुसार मतदान केंद्रों पर प्रवेश, पहचान सत्यापन और मतपेटियों की निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
प्रशासिनक सूत्रों ने रविवार को बताया कि पुनर्मतदान के दौरान उच्च न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक मतदाताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग सहायता काउंटर बनाए गए हैं और मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पुनर्मतदान को लेकर अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित