जयपुर , मार्च 30 -- राजस्थान राज्य बार काउंसिल के चुनाव में राज्य सरकार द्वारा अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जाएगा और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पोलिंग बूथ पर एसडीओ रैंक के अधिकारी को बतौर को-ऑब्जर्वर नियुक्त किया जाएगा।

मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने राजस्थान बार काउंसिल चुनाव 2026 के संबंध में सोमवार को शासन सचिवालय में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित उच्च स्तरीय निर्वाचन समिति की उनकी अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए। बैठक में उच्च स्तरीय समिति के चेयरमैन सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) जे.आर. मिधा तथा सभी सदस्य मौजूद थे। साथ ही पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत, नोडल ऑफिसर के रूप में विधि विभाग के प्रमुख शासन सचिव राघवेंद्र काछवाल, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरेश वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

चुनाव में इसके अतिरिक्त एक चुनाव प्रक्रिया से परिचित क्लेरिकल कर्मचारी तथा एक सहयोगी (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य सचिव ने मतदान के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित