बारां , अप्रैल 15 -- राजस्थान के बारां में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर पांच किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन बारां पुलिस, बारां रनर्स क्लब एवं मोशन इंस्टिट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नियमित रूप से खेल एवं व्यायाम को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
दौड़ का प्रारंभ खेल संकुल से किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी पुलिस के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई, जो पुलिस और आमजन के बीच सकारात्मक संबंधों का प्रतीक रही।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, युवाओं को नशे एवं गलत प्रवृत्तियों से दूर रखना और पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित