जयपुर , जून 02 -- राजस्थान में कानून- व्यवस्था और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने एक दिन की विशेष नाकाबंदी कर करीब 75 हजार वाहनों की जांच की गयी और विभिन्न यातायात एवं कानून उल्लंघनों पर 15 हजार से अधिक चालान एवं कार्रवाइयां की गयीं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर सोमवार को यह राज्यव्यापी नाकाबंदी की कार्रवाई की गयी, जिसके तहत एक दिन की विशेष नाकाबंदी में 39 हजार 984 वाहनों की जांच की गयी। इसी तरह 34 हजार 888 दोपहिया वाहनों की भी चेकिंग की गयी। इस दौरान विभिन्न यातायात एवं कानून उल्लंघनों पर राज्यभर में 15 हजार 83 चालान एवं कार्रवाइयां की गयीं। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 3234 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी।

इसी तरह बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 1648 चालकों के चालान काटे गये। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग पर 184 मामलों में कार्रवाई की गयी। नंबर प्लेट नियमों के उल्लंघन (बिना/अस्पष्ट नंबर प्लेट) के 1653 मामलों में कार्रवाई की गयी, जबकि काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ 1643 चालान किये गये तथा शराब पीकर वाहन चलाने के 385 मामलों में कार्रवाई की गयी।

नाकाबंदी के दौरान 63 व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गयी, जबकि 163 व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। विभिन्न कानूनों के तहत 73 एफआईआर दर्ज की गयी। इनमें 30 आबकारी अधिनियम, चार आर्म्स एक्ट, दो एनडीपीएस एक्ट तथा 37 अन्य विशेष एवं स्थानीय अधिनियम के मामले शामिल।

कार्रवाई के दौरान 11 वाहन जब्त किये गये तथा बड़ी मात्रा में अवैध शराब, डोडा-पोस्त और अन्य सामग्री बरामद की गयी। इस दौरान जयपुर रेंज में सर्वाधिक 2492 कार्रवाइयां की गयी, जबकि अजमेर रेंज में 49 तथा उदयपुर रेंज में 24 अन्य जब्ती की प्रमुख कार्रवाई दर्ज की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित