जयपुर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान ने राष्ट्रीय पोषण महीना सितंबर 2026 के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार राजस्थान में गत नौ सितंबर से आठ अक्टूबर तक नौवां राष्ट्रीय पोषण महीने का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेशभर में आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण संबंधी जनजागरूकता, अन्नप्राशन, गोदभराई, कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण एवं प्रबंधन, पोषण वाटिका, स्वस्थ बालक स्पर्धा जैसे कार्यक्रमों का सघन आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 113.66 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की।इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने समस्त एनएनएम टीम, विभागीय अधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक समन्वयकों और सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को हार्दिक बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हमारी बहनों की दिन-रात की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। राजस्थान सरकार'कुपोषण मुक्त राजस्थान, स्वस्थ राजस्थान' के लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राजस्थान के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों में जोधपुर 148.22 प्रतिशत (प्रथम स्थान), बीकानेर 133.70 प्रतिशत (द्वितीय स्थान), पाली 132.01 प्रतिशत (तृतीय स्थान), चूरू 128.85 प्रतिशत (चतुर्थ स्थान) एवं श्रीगंगानगर 127.21 प्रतिशत (पंचम स्थान) पर रहे।

विभाग की शासन सचिव पूनम ने भी सभी टीमों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी ऊर्जा के साथ हम आने वाले समय में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ कार्य करेंगे।

निदेशक आईसीडीएस वासुदेव मालावत ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम -'हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' रखी गई। इसका मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को पोषण, देखभाल और प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास का सशक्त केन्द्र बनाना और समुदाय में स्वामित्व की भावना जागृत करना है।

उन्होंने बताया कि कि पोषण महीने के दौरान पांच प्रमुख विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की गई जिनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका हुआ गर्म भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल्यावस्था विकास के लिए पोषण और प्रारंभिक उद्दीपन एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित