जयपुर , मई 12 -- नीति आयोग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि राजस्थान देश का एकमात्र प्रदेश है जहां विद्यार्थियों को सर्वाधिक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा एक ही जगह उपलब्ध हो रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नीति आयोग ने 'स्कूल एजुकेशन सिस्टम इन इंडिया-टेम्पोरल एनालिसिस एण्ड पॉलिसी रौडमेप फॉर क्वालिटी इन्हेंसमेंट' की नवीनतम रिपोर्ट में इस उपलब्धि को बताया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2024-25 में पूरे देश में केवल 5.4 प्रतिशत विद्यालयों में एक से 12 कक्षा तक एकीकृत शिक्षा सीमित रही जबकि अकेले राजस्थान में ही यह आंकडा पूरे देश का लगभग 35 प्रतिशत दर्ज किया गया है। यानि देश का एक से 12वीं तक की एकीकृत शिक्षा उपलब्ध कने वाला हर तीसरा विद्यालय राजस्थान में संचालित है। इस प्रकार प्रदेश के 27 हजार 889 विद्यालय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा उपलब्ध करवा रहे हैं।

नीति आयोग ने रिपोर्ट में जिक्र किया कि प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक के एकीकृत विद्यालयों की कमी होने से विद्यार्थियों को बार-बार शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश लेना पड़ता है। जिसके फलस्वरूप ड्रॉप आउट की संख्या में वृद्धि की आशंका रहती है वहीं अन्य राज्यों की तुलना में राजस्थान में एक से 12वीं कक्षा तक के एकीकृत विद्यालयों का मजबूत नेटवर्क तैयार हुआ है जिससे शैक्षणिक संकेतकों में अपेक्षित सुधार हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित