जयपुर , मार्च 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस का आयोजन किया जा रहा है और इसी क्रम में शनिवार से विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों की शुरुआत की जा रही है।

14 मार्च को स्वच्छता सप्ताह के साथ राजस्थान दिवस के कार्यक्रम प्रारंभ होने जा रहे हैं। जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता सप्ताह के सफल आयोजन के लिए स्वायत्त शासन विभाग एवं पंचायती राज विभाग को नोडल मनोनित किया गया है।

इसके अलावा 19 मार्च तक प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों के साथ राजस्थान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर गत वर्ष से राजस्थान चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन मनाने का फेसला किया गया और इस बार भी राजस्थान दिवस प्रतिपदा (19 मार्च) को मनाया जायेगा जबकि पहले राजस्थान दिवस 30 मार्च को मनाया जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित