चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 02 -- राजस्थान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्र महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष पद पर चित्तौड़गढ़ के मानवेन्द्र सिंह चौहान को नियुक्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संघ की उदयपुर में आयोजित बैठक में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से दैनिक समाचार पत्रों के प्रकाशक/ मालिक उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्रों से जुड़े विभिन्न विषयों, चुनौतियों एवं संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विचार विमर्श किया गया।

बैठक में दैनिक 'सीधा सवाल' चित्तौड़गढ़ के प्रकाशक मानवेन्द्र सिंह चौहान को महासंघ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं दैनिक 'रणवीर राजस्थान' सिरोही के प्रकाशक संपादक अजय कुमार आचार्य को प्रदेश महासचिव और दैनिक 'वागडदूत' डूंगरपुर के संपादक नितेश गर्ग को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी।

इसके साथ ही दैनिक 'पुकार' उदयपुर के प्रकाशक संपादक लोकेश कुमार आचार्य, उदयपुर एक्सप्रेस के प्रकाशक प्रमोद खाब्या एवं 'खबर सम्राट' के शांतिलाल सिरोया को महासंघ के संरक्षक मंडल में सम्मिलित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित