अलवर , जुलाई 06 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने अलवर में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद रविवार को पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे।

श्री शर्मा सबसे पहले शहर के शालीमार नगर पहुंचे, जहां हाल ही में हुई डकैती के पीड़ित परिवार से मुलाकात करके उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मामले की प्रगति की जानकारी ली और जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके बाद वह निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चाकूबाजी की घटना में घायल मोबाइल शोरूम संचालक प्रथम मुखीजा से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करके सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होगी और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए पुलिस की नियमित गश्त एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जायेगी।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाये और अपराधियों की शीघ्र धरपकड़ करके उन्हें कड़ी सजा दिलायी जाये ताकि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में विश्वास बना रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित