भरतपुर , सितम्बर 13 -- राजस्थान में धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड में रविवार को नहाते समय डूबती दो महिलाओं को पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और हिम्मत से जीवनदान मिल गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद की रहने वाली वैजयंती (30) और रामदेवी (26) मचकुंड में नहा रही थीं। नहाते समय वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। तभी मचकुंड चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल पप्पू राम ने महिलाओं को डूबता देखकर तुरंत पानी में छलांग लगादी और डूबती दोनों महिलाओं को संभालने की कोशिश की।

इसी बीच चौकी प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल राजेश सिंह और वहां मौजूद अन्य लोगों ने लोहे के पाइप की मदद से कॉन्स्टेबल और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित