जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान के चयनित 32 जिलों में 22 नवम्बर को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जायेगा जिसके तहत पांच वर्ष तक की आयु के 92 लाख 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां आयोजित राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत स्टेट टास्क फोर्स की बैठक आगामी 22 नवम्बर को प्रदेश के चयनित 32 जिलों में आयोजित होने वाले उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। मिशन निदेशक ने अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

डॉ. जोगाराम ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए अभी से तैयारियां शुरू की जाये। उन्होंने बताया कि चयनित 32 जिलों में पांच वर्ष तक की आयु के 92 लाख 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अभियान में तैनात किए जाने वाले कार्मिकों का समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा जिलों में आवश्यक तैयारियों और प्रबंधन के लिए गठित समितियों की बैठकें आयोजित कर व्यापक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अभियान प्रदेश के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, नागौर, पाली, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सलूम्बर, सीकर, सिरोही, टोंक एवं उदयपुर में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले जिलों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित