जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुरू हुई योनेक्स सनराइज ऑल इंडिया बैडमिंटन रैंकिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर श्री शेखावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रतियोगिता में देशभर से करीब 1700 खिलाड़ी, कोच, निर्णायक मंडल और अन्य स्टाफ हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में देशभर से आए ये प्रतिभागी केवल खेल प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे, अपितु उन्हें जयपुर को देखने, राजस्थान को अनुभव करने और यहां की संस्कृति एवं विरासत को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा। योनेक्स सनराइज ऑल इंडिया बैडमिंटन रैंकिंग प्रतियोगिता नौ अक्टूबर तक चलेगी।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनसे बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों के समर्पण की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित