टोंक , जुलाई 17 -- राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को शिक्षा, चिकित्सा और कानून व्यवस्था तीनों मोर्चों पर पूरी तरह विफल बताते हुए कहा है कि पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा चुकी हैं, स्थानीय निकायों के चुनाव समय पर नहीं कराए जा रहे हैं और सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से पूरी तरह बेखबर है।
श्री पायलट ने शुक्रवार को अपने टोंक विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान टोडारायसिंह पंचायत समिति की ग्राम पंचायत अलियारी के ग्राम लक्ष्मीपुरा जाटान, ग्राम पंचायत हमीरपुर तथा ग्राम पंचायत इन्दौकिया के ग्राम कुहाड़ा खुर्द में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने जिला आदिवासी कांग्रेस द्वारा आयोजित सम्मेलन को भी सम्बोधित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बीकानेर और कोटा में प्रसूताओं की मौत तथा झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने जैसी घटनाएं सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी शिक्षा, चिकित्सा और कानून व्यवस्था को मजबूत करना होती है लेकिन वर्तमान सरकार इन तीनों क्षेत्रों में पूरी तरह असफल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के लाखों युवा वर्षों तक कठिन मेहनत करते हैं, परिवार अपनी जमा-पूंजी खर्च कर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक उनके सपनों को तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहे हैं और युवा सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार जिम्मेदारी तय करने के बजाय केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर अपने दायित्व से बचने का प्रयास कर रही है।
श्री पायलट ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के करोड़ो श्रृद्धालुओं ने आस्था के साथ जो चन्दा दिया, उसके उपयोग को लेकर उठे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर नहीं कराए जा रहे हैं, जबकि न्यायालय लगातार सरकार को चुनाव कराने के निर्देश दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बीच जाने से डर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित