उज्जैन , फरवरी 25 -- राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने आज मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दर्शन उपरांत भगवान वीरभद्र का एवं श्री महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह में निकलने वाले ध्वज का भी पूजन किया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल द्वारा श्रीमती सिंधिया का स्वागत एवं सत्कार किया गया।
मंदिर में चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने कहा कि भगवान महाकालेश्वर के साथ उनके परिवार का सदियों से जुड़ाव रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा राजस्थान के लोगों का भी भगवान महाकालेश्वर से जुड़ाव है। वहां के लोग भी श्री महाकालेश्वर मंदिर में आते-आते रहते हैं। उनके संसदीय क्षेत्र का भी भगवान महाकालेश्वर से जुड़ाव है।
श्रीमती सिंधिया ने कहा कि वे सरकार को बधाई देना चाहती हैं, जिसने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर का लेआउट तैयार किया है, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की तकलीफ ना हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित