जयपुर , सितंबर 28 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सोमवार को जयपुर में चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ कूच करने पर उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारे छोड़ी और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

इससे पहले शहीद स्मारक पर जनसभा हुई और बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर कूच किया, पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के आगे बढ़ने का प्रयास करने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार छोड़ी।

बाद में पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इन नेताओं को विद्याधर नगर थाने ले जाया गया। जहां इन नेताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

इससे पूर्व शहीद स्मारक पर श्री गहलोत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश में बहुत खतरनाक खेल चल रहा है और लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। मनमाने परिसीमन की वजह से चुनाव परिणाम प्रभावित हुए और अब आगे भी विधानसभा एवं लोकसभा परिसीमन में गड़बड़ी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचेत रहना होगा और यह लड़ाई बड़ी है। जनता के बीच जाकर देश और संविधान को बचाना होगा।

इस दौरान श्री डोटासरा ने कहा कि लोकतंत्र की लूट एवं लोकतंत्र को समाप्त करने के प्रयासों को जनता के बीच जाकर बेनकाब किया जायेगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूचियों के प्रबंधन में भारी गड़बड़ी कर लोकतंत्र को लूटने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल एक शुरुआत है और कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता इस चुनावी अनियमितता के खिलाफ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को जागरूक कर इस अन्याय को बेनकाब करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित