जयपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि राज्य सरकार एक पारदर्शी, इन्वेस्टर-फ्रेंडली इकोसिस्टम बनाने और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने वाली पहलों को सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती दियाकुमारी मंगलवार को यहां इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसी) के जयपुर में अपना राजस्थान चैप्टर की शुरुुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रही थी। इस अवसर पर अमरीकी दूतावास के वाणिज्यिक मंत्री काउंसलर जोनाथन हेइमर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस मौके द्विपक्षीय संबंधों में राजस्थान की बढ़ती रणनीति और वाणिज्यिक महत्वता पर ज़ोर दिया गया।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा "इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स, राजस्थान चैप्टर का शुरुआत होना गर्व और खुशी का पल है, और कुछ ऐसा जिसका हम सब इंतज़ार कर रहे थे। अपनी शुरुआत से ही, आईएसीसी ने भारत और अमरीका के बीच आर्थिक सहयोग को मज़बूत करने, खास क्षेत्रों में व्यापार , निवेश और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है। इसके राजस्थान चैप्टर की शुरुआत इस साझेदारी को राष्ट्र स्तर तक ले जाने की दिशा में एक अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान मज़बूत बुनियादी ढांचे और प्रगतिशील नीतियों के साथ तेज़ी से विकास की ओर बढ़ रहा है। जैसे-जैसे हम विकसित राजस्थान की ओर बढ़ रहे हैं, आईएसीसी का लॉन्च वैश्विक साझेदारी, निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सही समय पर हुआ है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार एक पारदर्शी, इन्वेस्टर-फ्रेंडली इकोसिस्टम बनाने और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने वाली पहलों को सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम इसे सिर्फ एक आर्थिक मौके के तौर पर नहीं, बल्कि नवाचार, रोजगार सृजन और स्थिर विकास के रास्ते के तौर पर देखते हैं। विश्वास है कि यह चैप्टर सहयोग के नए रास्ते बनाने और दोनों तरफ के व्यापार के लिए ठोस नतीजे लाने में अहम भूमिका निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित