जयपुर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच के बाद 273 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि द्वितीय चरण में शामिल पांच पंचायत समितियों के 81 वार्डों के लिए 13 से 16 अक्टूबर तक 347 प्रत्याशियों ने 371 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 93 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए तथा पांच नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए।

उन्होंने बताया कि अमरसर के 15 वार्डों के लिए प्राप्त 80 नामांकन पत्रों में से 22 अस्वीकृत और दो डिस्कार्ड किए गए। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 56 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। आमेर के 21 वार्डों के लिए प्राप्त 97 नामांकन पत्रों में से 23 अस्वीकृत किए गए तथा 74 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए।

जालसू के 15 वार्डों के लिए प्राप्त 64 नामांकन पत्रों में से 11 अस्वीकृत किए गए तथा 53 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। रामपुरा डाबड़ी के 15 वार्डों के लिए प्राप्त 56 नामांकन पत्रों में से 12 अस्वीकृत और दो डिस्कार्ड किए गए। यहां 42 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। शाहपुरा के 15 वार्डों के लिए प्राप्त 74 नामांकन पत्रों में से 25 अस्वीकृत और एक डिस्कार्ड किया गया तथा 48 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए।

श्री नायक ने बताया कि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित है। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

द्वितीय चरण के लिए मतदान दलों का प्रस्थान 27 अक्टूबर को होगा तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 28 अक्टूबर को प्रातः सात बजे से सायं छह बजे तक होगा। सभी चरणों के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित