भीलवाड़ा , अगस्त 10 -- राजस्थान के भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) से मुठभेड़ में मारे गये तस्कर गणपत राम के साथी मुकेश गोदारा की पांच दिन की पुलिस हिरासत अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए उसे एक दिन की अतिरिक्त पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी से तस्करी के पूरे नेटवर्क, डोडा-चूरा की आपूर्ति, मध्य प्रदेश से राजस्थान तक उसके परिवहन और जोधपुर तक पहुंचाने वाले संपर्कों को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तस्करी से जुड़े कई अहम नाम और कड़ियां सामने आ सकती हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि गणपत राम और मुकेश गोदारा मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मनासा क्षेत्र से डोडा-चूरा लेकर जोधपुर की ओर जा रहे थे। पुर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ दल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वाहन काे रोकने के बजाय वापस भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि इसी दौरान तस्करों की ओर से गोली चलाये जाने की बात सामने आयी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली गणपत राम को लगी और उसकी मौत हो गयी, जबकि उसका साथी मुकेश गोदारा पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित