अलवर , सितंबर 01 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम चुनाव में नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब नामांकन पत्रों की जांच को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 58 से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी हेमंत गुप्ता का नामांकन निरस्त किये जाने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। नामांकन खारिज होने की सूचना के बाद कांग्रेस समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिनी सचिवालय पहुंचे और रिटर्निंग अधिकारी से मुलाकात की मांग की। काफी देर तक अधिकारी के नहीं मिलने पर कांग्रेस नेताओं ने मिनी सचिवालय के द्वार पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक नामांकन निरस्त करने के पीछे 2012 के एक पुराने मामले में धारा 354 का हवाला दिया गया है। अधिवक्ता राम बहादुर सिंह तंवर ने दावा किया कि संबंधित मामले में प्रत्याशी को 2012 में ही आपसी राजीनामे के आधार पर दोषमुक्त किया जा चुका है। उन्होंने 29 अगस्त के पुलिस सत्यापन रिपोर्ट का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब मामला वर्षों पहले खत्म हो चुका था, तो उसके आधार पर 2026 के चुनाव में प्रत्याशी का नामांकन कैसे निरस्त किया जा सकता है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नामांकन खारिज करने के निर्णय के खिलाफ अपना पक्ष रखने और अपील की प्रक्रिया के लिए वे निर्वाचन अधिकारी के पास पहुंचे, लेकिन रात के समय मिनी सचिवालय में का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यालय में पहुंचने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई और उन्हें अधिकारियों का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने द्वार पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष अंकित गोयल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत गुप्ता का नामांकन एक सोची-समझी साजिश के तहत खारिज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रहा है और कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी को चुनावी मैदान से बाहर करने की कोशिश की गयी है।

कांग्रेस नेताओं ने साफ कर दिया है कि वे मामले को अब उच्च स्तर तक ले जाएंगे। अधिवक्ता सिंह ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी/चुनाव आयोग तक भेजी जाएगी और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित