शिवपुरी , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर स्थित प्राचीन राजराजेश्वरी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर पारंपरिक मटकों का मेला शुरू हो गया है। यह मेला दुर्गा अष्टमी और रामनवमी के अवसर पर दो दिनों तक आयोजित होता है।
इस मेले में शिवपुरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों सहित आसपास के जिलों से कुम्हार बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और मिट्टी के बर्तन, विशेष रूप से मटके, तथा बच्चों के खिलौने बिक्री के लिए लाते हैं। यहां पारंपरिक मिट्टी की कलात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन और विक्रय किया जाता है, जिससे नई पीढ़ी को भी इन पारंपरिक शिल्पों से परिचय मिलता है।
गर्मी के मौसम को देखते हुए लोग इस मेले से बड़ी संख्या में मटके खरीदते हैं, क्योंकि इनमें पानी ठंडा रखने की पारंपरिक मान्यता है। साथ ही इस अवसर पर मटके और अन्य मिट्टी के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है।
मेले में बच्चों के लिए झूले तथा महिलाओं और पुरुषों के उपयोग की विभिन्न वस्तुओं की दुकानें भी लगाई गई हैं। मंदिर और मेले की क्षेत्र में विशेष मान्यता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक यहां पहुंच रहे हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा मेले के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित