अंबिकापुर , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने और सार्वजनिक स्थल पर आतिशबाजी करके जन्मदिन मनाने वाले सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

यह घटना 16 फरवरी 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सूरजपुर जिले के सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने की है। उप पुलिस महानिरीक्ष (डीआईजी) प्रशांत ठाकुर ने शुक्रवार बताया कि चौकी लटोरी (थाना जयनगर) पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग या नौवहन योग्य जलमार्ग को अवरुद्ध करना), 126(2) (शरारत) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपियों की पहचान अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल और उनके चार-पांच अन्य साथियों के रूप में हुई थी, जिन्होंने न सिर्फ मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा कर जाम लगाया, बल्कि जमकर आतिशबाजी भी की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश देकर सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24), अंशुल अग्रवाल (25), प्रथम अग्रवाल (24 ) , शुभम अग्रवाल (23) , महेश साहू (27 ) , निखिल रामा (26 ) और अरुण देवांगन (39 ) शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से बाधा उत्पन्न की, वाहन खड़ा कर यातायात बाधित किया और पटाखे फोड़े। इसे देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 287 (सार्वजनिक मार्ग या नौवहन योग्य जलमार्ग पर वस्तु रखने या यात्रा में बाधा डालने के लिए दंड), 288 (लापरवाही से वाहन चलाना) बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 (खतरनाक तरीके से वाहन चलाना) व 201 (यातायात नियमों के उल्लंघन पर दंड) भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चारपहिया वाहन (कार) भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, सुनील एक्का, शोभनाथ कुशवाहा और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित