चेन्नई , अक्टूबर 02 -- तमिलनाडु प्रदेश राजमार्ग विभाग के साइनबोर्ड पर हिंदी में लिखे शब्दों ने एक ओर यदि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार को मुश्किल में डाल दिया है, वहीं दूसरी ओर द्रमुक और पीएमके समेत विपक्षी पार्टियों ने इसे हिंदी थोपने की कोशिश बताया है।
इस मामले में दो अभियंताओं को निलंबित भी किया गया है। हिंदी थोपने के आरोपों के बीच विवाद शुरू होने पर सरकार ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को राजमार्ग विभाग के दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया और साइनबोर्ड से हिंदी नाम हटा दिये। इसके साथ ही लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री आधव अर्जुन ने ज़ोर देकर कहा कि टीवीके सरकार किसी भी रूप में त्रि-भाषा नीति को लागू नहीं होने देगी और लंबे समय से चली आ रही द्वि-भाषी नीति को ही बनाए रखेगी।
गौरतलब है कि दक्षिणी थूथुकुडी ज़िले में एसएच-93 पर सथानकुलम-नाज़रेथ रोड पर कारुमेनी नदी के पुल के पास नया साइनबोर्ड लगाया गया था। इस पर थूथुकुडी, तिरुनेलवेली, अलवरथिरुनगरी और तिरुचेंदुर जाने के रास्ते दिखाये गये थे और जगहों के नाम तमिल, हिंदी और अंग्रेज़ी में इसी क्रम में लिखे गए थे। साइनबोर्ड पर हिंदी का इस्तेमाल देखकर लोगों का ध्यान इस ओर गया और आलोचना शुरू हो गयी क्योंकि प्रदेश राजमार्ग विभाग के ज़्यादातर साइनबोर्ड पर नाम आमतौर पर तमिल और अंग्रेज़ी में ही लिखे होते हैं। यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
आपत्तियों के बाद साइनबोर्ड से हिंदी में लिखे शब्द हटा दिए गए। इसके बाद साइनबोर्ड लगाने के काम से जुड़े राजमार्ग विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता और सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही सरकार की द्वि-भाषा नीति के खिलाफ काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित