समस्तीपुर , अगस्त 19 -- बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व मुख्य सचेतक एवं समस्तीपुर के पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था को बदहाल बताते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है।श्री शाहीन ने छात्रों के अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर राजद द्वारा पटना में निकाले गये राजभवन मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
श्री शाहीन ने कहा कि आंदोलन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गयी। उन्होंने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी गिरफ्तार कर सचिवालय थाना ले जाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद आंदोलनकारी पीछे नहीं हटे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते रहे।उन्होंने तेजस्वी यादव सहित गिरफ्तार राजद कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की और कहा कि पार्टी छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।
पूर्व विधायक ने कहा कि राजद की प्रमुख मांगों में सिवान में आंदोलन के दौरान छात्रों पर कथित गोलीबारी के लिए जिम्मेदार अधिकारी की पहचान कर सेवा से बर्खास्त करना और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करना, सभी सरकारी विभागों में बैकलॉग रिक्तियों को भरना तथा पेपर लीक पर रोक लगाकर माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना शामिल है।
श्री शाहीन ने छात्रों को समय पर परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू करने और बिहार में शैक्षणिक वातावरण में सुधार की भी मांग की। उन्होंने शिक्षक भर्ती परीक्षाटीआरइ -4 में दो परीक्षाओं के प्रावधान को समाप्त कर पुराने पैटर्न के अनुसार एक ही परीक्षा आयोजित करने की मांग भी दोहरायी।
श्री शाहीन ने कहा कि जब-तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, राष्ट्रीय जनता दल का संघर्ष जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित