लखनऊ , अक्टूबर 29 -- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा के प्रदर्शन पर बधाई देते हुए कांग्रेस के साथ उसके गठबंधन और आपसी सहयोग पर सवाल उठाए।

श्री राजभर ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 403 में से 200 से अधिक सीटों की मांग कर सकती है, लेकिन विधान परिषद चुनाव में उसने सपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई। राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव में सपा के प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई।

इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अखिलेश यादव ने अपने मित्र राहुल गांधी को भी बधाई दी है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कई सीटों पर प्रत्याशी तक नहीं मिले और जहां प्रत्याशी उतारे गए, वहां पार्टी का प्रदर्शन शून्य रहा।

सुभासपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस खुद को सपा का बड़ा भाई मानती है और विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटों की मांग कर सकती है। ऐसे में अखिलेश यादव को कांग्रेस से यह पूछना चाहिए कि विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी ने सपा प्रत्याशियों के समर्थन में कितनी सक्रियता दिखाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित