अलवर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजपुर बड़ा में सरपंच पद के चुनाव की मतगणना में कथित फर्जीवाड़े को लेकर हुए विवाद और उसके बाद पुलिस पर पथराव की घटना के बाद गांव में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
हालात पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार घटनास्थल का जायजा लेकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका रघुवंशी और उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सीमा मीना पहुंचीं। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करके हालात की जानकारी ली। घटना के दौरान क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को पुलिस अपने कब्जे में ले रही है। इसके साथ ही पुलिस के अलग-अलग दल क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की दोबारा अप्रिय स्थिति पैदा नहीं हो।
पुलिस पर पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। संदिग्ध आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों से संबंधित वाहनों को भी जब्त किया गया है।
चुनावी मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों से शुरू हुआ विवाद अब पुलिस और प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था की चुनौती बन गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित