मुंबई , अप्रैल 21 -- शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य की आलोचना करते हुए इसकी तुलना इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से की है, जहां खिलाड़ी सबसे ऊंची बोली लगाने वाली टीमों में चले जाते हैं।

श्री ठाकरे ने भांडुप-विक्रोली क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत में कहा कि आईपीएल की ही तरह आज राजनीतिक नेता बेहतर प्रस्तावों के आधार पर दल बदलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि जिस तरह क्रिकेट में खिलाड़ी उस टीम में जाते हैं, जो सबसे ऊंची बोली लगाती है, वैसी ही स्थिति अब राजनीति में भी दिखायी दे रही है।

क्षेत्रीय एकता पर विश्वास जताते हुए श्री ठाकरे ने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोग अपनी भाषाई पहचान के साथ मजबूती से खड़े हैं, महाराष्ट्र में मराठी लोग भी एकजुट रहेंगे।

इस का विस्तार करते हुए उन्होंने कहा कि आईपीएल में एक खिलाड़ी एक टीम का प्रतिनिधित्व करता है और उसके प्रशंसकों का समर्थन हासिल करता है, लेकिन अगले सीजन में वही खिलाड़ी ऊंची बोली मिलने पर दूसरी टीम के लिए खेलता हुआ दिखाई दे सकता है, जिससे समर्थक भ्रमित हो जाते हैं। उन्होंने कहा, "आज राजनीति में भी ऐसा ही हो रहा है।"श्री ठाकरे ने इससे पहले विधान परिषद में एक विदाई समारोह के दौरान भी इसी तरह की तुलना की थी, जहां उन्होंने कविता और व्यंग्य के माध्यम से प्रचलित राजनीतिक संस्कृति की आलोचना करते हुए कटाक्ष किया था कि क्या 'इंडियन पॉलिटिकल लीग' शुरू हो गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित