, May 17 -- इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान "देश के समक्ष चुनौतियां: राजनीतिक एवं सामाजिक" विषय पर सारगर्भित विचार-विमर्श में प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि आज देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ अनेक राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियां भी सामने हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें समाज में भ्रम और विभाजन की राजनीति फैलाने का प्रयास करती हैं, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समाज के बीच जाकर सकारात्मक संवाद स्थापित करें तथा राष्ट्रविरोधी सोच और भ्रम फैलाने वाली राजनीति का लोकतांत्रिक एवं वैचारिक रूप से जवाब दें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जितना अधिक जागरूक और प्रशिक्षित होगा, संगठन उतना ही मजबूत होगा।
श्री सरावगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की पूरी कार्यशैली इन्हीं सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता प्रदान करता है और उन्हें यह समझने में मदद करता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण सहभागी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग संगठन को नई ऊर्जा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण की परंपरा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। आज का समय निरंतर सीखने और समाज के बीच सक्रिय रहने का है। भाजपा का कार्यकर्ता जितना अधिक अध्ययनशील और अनुशासित होगा, वह उतनी ही मजबूती से जनता के बीच अपनी बात रख सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित