, July 15 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि चार हजार वर्ष पूर्व प्राचीन भारत के प्रमुख शिक्षा केन्द्र रहे विक्रमशिला महाविहार के गौरवशाली इतिहास के पुनर्जीवित के लिये प्रस्तावित विक्रमशिला केन्द्रीय विश्वविद्यालय के लिए आज राज्य सरकार की ओर से 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित कर दी गई है। जिससे इस विश्वविद्यालय के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस विश्वविद्यालय में एआई एवं कम्प्यूटर की पढ़ाई होगी और शोध के साथ नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और नीतिश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। बिहार की समृद्धि का रास्ता खुल चुका है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास का काम किया है और वर्तमान सरकार उनके काम के अनुरूप हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को एक समृद्ध राज्य बनाने में लोगों को आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन स्थापित किया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बिहार सरकार किस भी सूरत में इससे समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों को बिहार छोड़कर जाना होगा। चाहे वह किसी भी जाति या कोई धर्म का हो। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जगह प्रदेश से बाहर या बिहार के जेलों में है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों को भविष्य में पुलिस की गोलियों का शिकार होना पड़ेगा।
श्री चौधरी ने कहा कि बिहार से होने वाले पलायन को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश से बाहर रहने वाले लोगों से बिहार में आकर उधोग लगाने की अपील भी की।उन्होंने कहा कि नये उधोग के लिए 15 हजार एकड़ भूमि चिन्हित की गई है तथा पूरे बिहार में बारह जगहों पर नये टाउनशिप बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ लोगों के लिए नया राशन कार्ड बनाया जा रहा है, वहीं अगले पांच साल में 50 लाख लोगों को पक्का मकान कराने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर जिले के विकास के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है। प्रथम चरण में मुंगेर से भागलपुर के सबौर तक मैरीन ड्राइव का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बाद उसका विस्तार सबौर से झारखंड के राजमहल तक किया जाएगा। कहलगांव में गंगा नदी के बीच स्थित शांति बाबा धाम (पहाड़) पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का निर्माण शीघ्र करवाया जाएगा।
इस सभा को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, स्थानीय सांसद अजय मंडल एवं कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित