, April 13 -- भाजपा की प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा ने कहा कि सितंबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 30 साल का इंतजार खत्म हुआ। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम दोनों सदनों में पास हो गया। यह भारत के लोकतंत्र को नई ऊर्जा देने वाला एक ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को यह संकल्प साकार होने जा रहा है। यह वह क्षण है जब नारी शक्ति निर्णय प्रक्रिया के केंद्र में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित होगी।

भाजपा नेता ने कहा कि यह पहल महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भागीदारी का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि नारीशक्ति का सशक्तिकरण ही विकसित भारत की सबसे मजबूत आधारशिला है। आज भारत को आगे बढ़ने के लिए महिलाओं को आगे आना आवश्यक है। महिलाओं की आवाज मजबूत होगी, तब भारत का लोकतंत्र और अधिक संतुलित, संवेदनशील और समावेशी बनेगा।

भाजपा नेता ने जोर देकर कहा कि जब महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभाती हैं, तो केवल प्रतिनिधित्व नहीं बढ़ता, बल्कि सोच और दृष्टिकोण भी बदलता है। समाज, नीति और विकास तीनों को नई दिशा मिलती है, और यही एक सशक्त एवं प्रगतिशील राष्ट्र की पहचान है। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह वह क्षण है जब महिलाओं की बढ़ती भागीदारी शासन व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी, समावेशी और मजबूत बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित