, July 14 -- ‎श्री नवीन ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बांकीपुर में सड़क, पेयजल, बिजली, पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। मंत्री के रूप में कार्य करने के दौरान भी उन्होंने लोगों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि वेंडिंग ज़ोन, कम्युनिटी टॉयलेट और स्वच्छता जैसी योजनाओं पर लगातार कार्य हो रहा है। पटना नगर निगम द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना का सफल टेंडर शहर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।‎श्री नवीन ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी बांकीपुर उनके लिए हमेशा प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में भी वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास, सेवा और सुशासन की इस यात्रा को और मजबूत करें।‎उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के नेतृत्व में बांकीपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा बिहार के सर्वांगीण विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।

‎इस दौरे के क्रम में श्री नवीन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की तथा राजग के संयुक्त चुनाव अभियान को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन की ताकत को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

‎इससे पहले सोमवार देर शाम पटना पहुंचते ही नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के साथ बांकीपुर उपचुनाव को लेकर रणनीतिक बैठक की, जिसमें प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।

बैठक में चुनावी अभियान को और धारदार बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने राजग में शामिल सभी दलों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ भी अपने आवास पर लंबी बैठक की और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों, सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, उपप्रमुखों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ पर संगठन को और मजबूत बनाते हुए राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की रिकॉर्ड मतों से जीत सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित