, Sept. 28 -- गांधी मैदान से मार्च शुरू होने से पहले सभा को संबोधित करते हुए गिरीश चन्द्र शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में नियमों और संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन कर करोड़ों मतदाताओं के नाम हटाये गये हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव रद्द कर पुनः चुनाव कराने तथा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए उच्चतम न्यायालय के सुझाये गये पैनल की व्यवस्था लागू करने की मांग की।
पूर्व विधान पार्षद संजय कुमार ने एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाये गये लोगों का मताधिकार बहाल करने की मांग की। किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रमोद प्रभाकर ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को किसानों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए बिजली और बीज संबंधी कानूनों को वापस लेने की मांग की।
एटक की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधान पार्षद उषा सहनी ने आरोप लगाया कि चार श्रम संहिताओं के माध्यम से मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। वहीं, एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रौशन कुमार सिन्हा ने बिहार में बेरोजगारी और पलायन को गंभीर समस्या बताते हुए युवाओं के लिए भगत सिंह राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कानून बनाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित