चित्तौड़गढ़ , सितम्बर 07 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव में मित्रता की मिसाल पेश करते हुए बचपन के तीन मित्र अपनी वामपंथी एवं कांग्रेस की विचारधारा को त्याग करके अपने भाजपाई मित्र के साथ हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के वार्ड संख्या नौ (सामान्य महिला) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व पार्षद रविंद्रा लढ्ढा को उतारा तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक दिवंगत घनश्याम जैन की पुत्रवधू जैन को प्रत्याशी बनाया है। इस वार्ड में सर्वाधिक मतदाता माहेश्वरी, जैन समाज हार-जीत का फैसला करते हैं, जो करीब सभी मार्बल उद्योग से जुड़े हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के पति भी मार्बल उद्योगपति हैं।
इसकी तुलना में भाजपा प्रत्याशी रविंद्रा के पति सुनील लढ्ढा एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और व्यवसाय के नाम पर छोटी-मोटी सम्पत्ति के व्यवसाय से अपनी आजीविका चला रहे हैं।
वर्ष 2009 के चुनाव में भी भाजपा ने रविंद्रा को अपना उम्मीदवार बनाया था और दम्पत्ति के कुशल व्यवहार के कारण क्षेत्र के सभी वर्ग सहित मार्बल लाबी ने भी उनका साथ देकर उन्हें भारी बहुमत से जिताया था।
इस बार चुनाव की फिजा बदल गयी है। कांग्रेस ने जैन माहेश्वरी प्रत्याशी उतारकर कड़ी चुनौती पेश की है, जिससे भाजपा प्रत्याशी रविंद्रा लढ्ढा कड़े मुकाबले में फंस गयी हैं।
ऐसे में उनके पति के बचपन के मित्र रहे क्षेत्र के कांग्रेस नेता मेडिकल व्यवसायी करणसिंह सिसोदिया और वामपंथी नेता ओमप्रकाश वर्मा जिन्हें शहर गुड्डू भाई कचोरी वाले के नाम से जानता है, रविवार को दोस्त की पत्नी को जिताने के लिए भाजपा में शामिल हो गये, जिससे लढ्ढा को बड़ी ताकत मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित