राजनांदगांव , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध अस्पताल में चिकित्सकों ने एक जटिल प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया है। यहां 26 वर्षीय महिला ने एक साथ तीन शिशुओं को जन्म दिया, जिनमें दो का सामान्य प्रसव हुआ, जबकि तीसरे शिशु का जन्म शल्यक्रिया के माध्यम से कराया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मां और तीनों नवजात स्वस्थ हैं।
अस्पताल से आज शाम प्राप्त जानकारी के अनुसार डोंगरगांव क्षेत्र के कोहका निवासी मोनिका साहू (26) को गर्भावस्था के 35 सप्ताह और पांच दिन पूरे होने के बाद सात अक्टूबर की शाम अत्यधिक प्रसव पीड़ा के कारण चिकित्सा महाविद्यालय के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में भर्ती कराया गया था। महिला की पूर्व की चिकित्सकीय जांच डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई थी।
चिकित्सकों ने बताया कि महिला के गर्भ में तीन शिशु होने के कारण प्रसव चुनौतीपूर्ण था। सामान्यतः ऐसी गर्भावस्था में जटिलताओं की आशंका अधिक रहती है। हालांकि, महिला के प्रसव के अंतिम चरण में अस्पताल पहुंचने के कारण चिकित्सकों ने तत्काल परिस्थितियों का आकलन कर सामान्य प्रसव कराने का निर्णय लिया।
चिकित्सकीय दल की निगरानी में पहले दो शिशुओं का सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराया गया। दोनों नवजात का वजन लगभग दो-दो किलोग्राम है। इस दौरान तीसरा शिशु गर्भ में आड़ी स्थिति में होने के कारण सामान्य रूप से जन्म नहीं ले सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल शल्यक्रिया करने का निर्णय लिया और तीसरे शिशु का सुरक्षित प्रसव कराया। उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम है।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार तीनों नवजात में दो बालक और एक बालिका शामिल हैं। निर्धारित समय से पहले जन्म लेने के बावजूद तीनों शिशुओं की स्वास्थ्य स्थिति संतोषजनक है। फिलहाल मां और नवजातों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सकों और नर्सिंग कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से जटिल प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न होने पर परिजनों ने राहत और प्रसन्नता व्यक्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित