राजनांदगांव , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भूमि सौदे के नाम पर एक महिला से कथित तौर पर एक करोड़ 61 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पेण्ड्री निवासी चंदाबाई खरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पेण्ड्री स्थित उनकी खसरा क्रमांक 548/6 की 0.48 एकड़ भूमि का सौदा कुल दो करोड़ पांच लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि सौदे के बाद उन्हें 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष एक करोड़ 61 लाख रुपये नहीं दिए गए। बकाया राशि मांगने पर आरोपियों द्वारा विवाद किए जाने की शिकायत भी की गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने के बाद लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 391/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के अंतर्गत प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल मामले की विवेचना कर रहे हैं। संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित