राजनांदगांव , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गुरुवार को जैन समाज द्वारा आयोजित सामूहिक नवकार महामंत्र जाप कार्यक्रम में करीब सात हजार श्रद्धालुओं ने एक साथ मंत्रोच्चार कर आध्यात्मिक एकता और आस्था का भव्य प्रदर्शन किया।
श्री जैन सकल संघ राजनांदगांव के तत्वावधान में स्थानीय श्री पार्श्वनाथ जैन बगीचा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रातः 8:15 बजे हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में स्थानीय लोग, मूर्तिपूजक, दिगंबर और तेरापंथ सहित जैन समाज के विभिन्न पंथों के अनुयायियों ने एकजुट होकर भाग लिया। सफेद वस्त्रों में उपस्थित श्रद्धालुओं का दृश्य आकर्षक और अनुशासित रहा।
सामूहिक जाप के पश्चात श्रद्धालुओं ने विश्व शांति और लोक-कल्याण की कामना की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, नैतिकता और आध्यात्मिक जागरूकता को मजबूत करते हैं।
आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी समाजजनों का आभार जताया और इसे समाज की एकजुटता का प्रतीक बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित