राजनांदगांव , मई 13 -- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के निर्देशानुसार राजनांदगांव जिले में प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट (पीईटी) प्रवेश परीक्षा का आयोजन गुरुवार को किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में कुल दो परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
जिले में पीईटी परीक्षा प्रात: 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जिले से कुल 460 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड एवं वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लिखित अथवा मुद्रित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाना वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को हल्के एवं सरल कपड़े पहनकर आने तथा पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाने की अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित