राजनांदगांव , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लापता नाबालिग बालिकाओं को 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार डोंगरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग बालिकाएं 17 जून को घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बालिकाओं की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संभावित स्थानों पर खोजबीन और आवश्यक तकनीकी जांच के बाद 20 जून को दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे बिना बताए अपने रिश्तेदारों के यहां घूमने चली गई थीं। उन्होंने किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा आपराधिक कृत्य होने से इनकार किया है।
पुलिस ने दोनों बालिकाओं को परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और आगे की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित