राजनांदगांव , जुलाई 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन कर रहे दो ट्रक को जब्त किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने करियाटोला, कोहका, मोहारा, ऑक्सीजोन, डुमरडीहकला, चवेली, सुकुलदैहान सहित विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रकों को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना सुकुलदैहान के सुपुर्द कर दिया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने आज बताया कि दोनों मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित