राजनांदगांव , जून 24 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बागनदी थाना पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक सहित करीब 11.50 लाख रुपये मूल्य की कबाड़ सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बागनदी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक 16 चक्का लीलैंड ट्रक (सीजी 04 जेडी 6297) में बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री परिवहन की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की।

जांच के दौरान ट्रक में साइकिल कटिंग, लोहे की चादरें, विभिन्न आकार के सरिया, नट-बोल्ट तथा अन्य कबाड़ सामग्री मिली। पुलिस द्वारा सामग्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक और उसमें लदी कबाड़ सामग्री को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने वाहन चालक अतुल मिश्रा (55), निवासी दमोह नाका, इमली पेड़ के पास, जबलपुर (मध्यप्रदेश) से पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह राजनांदगांव से कबाड़ सामग्री लेकर नागपुर (महाराष्ट्र) जा रहा था। मामले में पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित