राजनांदगांव , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में साइबर थाना और लालबाग थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से राजनांदगांव, रायपुर और महाराष्ट्र से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि पेंड्री निवासी शुभम यादव ने आठ जुलाई को थाना लालबाग में अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पेंड्री हाईवे स्थित देवांगन ढाबा के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने राजनांदगांव, रायपुर और महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक मोटरसाइकिल राजनांदगांव के लालबाग थाना क्षेत्र, चार रायपुर शहर के विभिन्न स्थानों तथा एक महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के आमगांव थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों के मूल नंबर प्लेट हटाकर उनकी जगह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका उपयोग करते थे। मामले में चोरी का वाहन होने की जानकारी के बावजूद उसे अपने कब्जे में रखने के आरोप में बीएनएस की धाराएं 336(3), 238, 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के रावणवाड़ी थाना क्षेत्र निवासी पंकज मंडिया (19), प्रतीक गयगये (23) तथा मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र निवासी कमलेश नखाते (26) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही गिरोह द्वारा अन्य स्थानों पर की गई संभावित वाहन चोरियों के संबंध में भी जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित