राजनांदगांव , मई 14 -- छत्तीसगढ़ शासन की अपराध मुक्त नीति के तहत राजनांदगांव पुलिस ने शहर में हुई चार बड़ी चोरी की वारदातों को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसका खुलासा गुरुवार को पुलिस ने किया । साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान के एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पिछले कुछ समय से शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दुकानों की छत के रास्ते प्रवेश कर गल्ले से नगदी उड़ाने वाला यह गिरोह सक्रिय था। थाना कोतवाली में दर्ज अपराधों के अनुसार, गिरोह ने शहर के नंदलाल हार्डवेयर, गणेश मेडिकल स्टोर, नरेश वॉच और संगम साड़ी दुकान जैसी प्रतिष्ठित दुकानों को निशाना बनाया था। इन वारदातों में गिरोह ने लगभग 13 लाख रुपये से अधिक की नगदी, कीमती घड़ियाँ और सोने की चैन पार की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुवे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और टावर डंप के तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपियों का सुराग राजस्थान के बांसवाड़ा जिले तक पहुंचाया । पुलिस टीम ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दबिश दी। मुख्य आरोपी दिनेश चरपोटा (36) , जो पहले से ही बांसवाड़ा केंद्रीय जेल में बंद था, उसे प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव लाया गया।
आरोपी से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के तरीकों का खुलासा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित