राजनांदगांव , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने डीसीए की महिला खिलाड़ी महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला टीम के हाई परफॉर्मेंस शिविर के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण हेतु आमंत्रित किया है।

डीसीए के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने सोमवार को बताया कि महक नरवासे हाल ही में भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान के रूप में श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला में खेलीं। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों में सर्वाधिक विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और अपने चयन को सार्थक साबित किया।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (सीएससीएस) ने सत्र 2026-27 के लिए रणजी ट्रॉफी और अंडर-23 टीम के संभावित खिलाड़ियों की घोषणा की है। रणजी ट्रॉफी के संभावित खिलाड़ियों में राजनांदगांव के अजय मंडल, विकल्प तिवारी, दीपक यादव और अर्षवीर भाटिया को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों का 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर बेंगलुरु में आयोजित किया जा रहा है, जहां छत्तीसगढ़ टीम के मुख्य कोच अमय खुरासिया उन्हें प्रशिक्षण दे रहे हैं। पहली बार जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के चार खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी के संभावित खिलाड़ियों में स्थान मिला है।

लोहिया ने बताया कि 16 वर्षीय अर्षवीर भाटिया को जूनियर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सीधे सीनियर रणजी ट्रॉफी संभावित टीम में शामिल किया गया है। विकल्प तिवारी ने पिछले सत्र में लगातार अच्छे प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया, जबकि दीपक यादव को अंडर-23 टीम की कप्तानी के दौरान बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावी प्रदर्शन का लाभ मिला।

उन्होंने बताया कि राज्य की अंडर-23 संभावित टीम में राजनांदगांव के आरिन द्विवेदी और बी. बालाजी राव का भी चयन किया गया है।

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महक नरवासे सहित सभी सात खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित