राजनांदगांव , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवादा स्थित मानसिक चिकित्सालय में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक मानसिक रोगी ने दूसरे मरीज पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम चिखली निवासी पूर्व पंच कांता प्रसाद बंजारे (42) के रूप में हुई है, जो 29 मार्च से अस्पताल में उपचाराधीन थे। आरोपी मरीज आत्माराम निर्मलकर (47) को घटना से महज दो दिन पूर्व ही भर्ती कराया गया था।
बताया जा रहा है कि रात लगभग 2:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी आत्माराम ने कांता प्रसाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। नाक और चेहरे पर गंभीर वार होने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे कांता प्रसाद की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के दौरान वार्ड में कूलर चल रहा था, जिसकी आवाज के कारण वहां तैनात नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉय को मारपीट की भनक तक नहीं लग सकी। लहूलुहान हालत में मिलने पर मरीज को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित