राजनांदगांव , मई 21 -- छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले के बाकल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को कोयले से भरी एक मालगाड़ी के वैगनों में अचानक भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार बिलासपुर से नागपुर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी जब बाकल स्टेशन के समीप पहुंची, तभी उसके मध्य हिस्से के कुछ वैगनों से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। ट्रैक किनारे तैनात रेल कर्मचारियों और गैंगमैनों ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम और स्टेशन मास्टर को दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मालगाड़ी को तत्काल बाकल रेलवे स्टेशन पर रोका गया। एहतियातन ओवरहेड विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई और स्थानीय दमकल सेवा तथा रेलवे के तकनीकी अमले को मौके पर बुलाया गया।
दमकल कर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय स्टाफ ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कोयले के भीतर सुलग रही आग को बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण भीषण गर्मी और कोयले के भीतर उत्पन्न स्वतः दहन (स्पॉन्टेनियस कंबशन) को माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दिनों क्षेत्र में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिसके चलते खुले वैगनों में लदे कोयले में घर्षण और अत्यधिक तापमान से आग लगने की आशंका बढ़ जाती है।
घटना के दौरान सुरक्षा कारणों से संबंधित ट्रैक पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन धीमा किया गया था। आग पूरी तरह बुझने और तकनीकी जांच के बाद मालगाड़ी को आगे रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित