राजनांदगांव , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को छात्रों के दो गुटों के बीच कैंटीन में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। घटना के बाद परिसर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत कैंटीन में बैठने को लेकर हुई, जो देखते ही देखते कहासुनी से मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले तथा कैंटीन में रखे फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा। घटना में बाहरी युवकों के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कुछ आरोपी छात्र फरार हो गए। घायल छात्रों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

महाविद्यालय प्राचार्य ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि परिसर में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच के लिए आंतरिक समिति गठित की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित छात्रों के विरुद्ध निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना के बाद छात्रों एवं अभिभावकों में आक्रोश है। छात्रों ने परिसर में बाहरी तत्वों के बढ़ते प्रवेश पर चिंता जताई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित