राजनांदगांव , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में भारतीय जनता पार्टी के मंडलाध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना की कार्यशैली से नाराज होकर पार्टी के कई वरिष्ठ, निष्ठावान एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस बात की जानकारी देते हुए प्रिंस कक्कड़ ने मंगलवार को बताया कि यह इस्तीफा सोमवार दोपहर डाक के माध्यम से भेज दिया गया है जो एक-दो दिन में प्रदेश स्तरीय संगठन के नेताओं तक भी पहुंच जाएगा।

इस्तीफा देने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को स्पीड पोस्ट से भेजे गए पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं कि, डोंगरगढ़ शहर मंडल में जब से जसमीत सिंह अध्यक्ष बने हैं, तब से पार्टी के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। आरोप है कि मंडलाध्यक्ष के सभी फैसले पूर्व विधायक सह प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती और चार विशेष व्यापारी नेताओं के दबाव एवं इशारे पर लिए जा रहे हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि परिवारवाद से उपजे मंडल अध्यक्ष शहर में खुलेआम गुटबाजी को बढ़ावा दे रहे हैं। पार्टी के पक्ष में लगातार ईमानदारी से काम करने वाले पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर घर बैठने पर मजबूर कर दिया गया है, जबकि कई चहेतों को एक से अधिक पदों की अनुशंसा दी जा रही है।

इस सामूहिक इस्तीफे में डोंगरगढ़ शहर मंडल के कई पूर्व पदाधिकारी, पार्षद, मोर्चा अध्यक्ष और सक्रिय सदस्य शामिल हैं। इस्तीफा देने वालों में प्रमुख रूप से ज्योति बाडनाईक (पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष) प्रिंस कक्कड़ (पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष) अशोक साहू (भाजपा नेता) तुलरती मिश्रा (पूर्व पार्षद एवं शक्ति केंद्र प्रभारी) शामिल हैं।

इसके अलावा विभिन्न बूथ अध्यक्ष, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ताओं को मिलकर 111लोगों ने अपने पदों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दिया है। प्रिंस कक्कड़ ने बताया कि इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की प्रतिलिपियां पार्टी के शीर्ष और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु डाक पोस्ट के माध्यम भेजी गई हैं, जिनमें नितिन नवीन (राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा), किरण सिंह देव (प्रदेश अध्यक्ष भाजपा, छत्तीसगढ़) और पवन साय (प्रदेश संगठन मंत्री भाजपा, छत्तसीगढ़) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित