रांची , फरवरी 21 -- झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजधानी रांची समेत राज्य के 48 निकायों में प्रचार आज शाम थम गया।

वहीं निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है। राजधानी रांची सहित विभिन्न जिलों में मेयर और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों ने आखिरी दिन तक जोरदार प्रचार किया। सुबह से देर शाम तक बाइक रैली, पदयात्रा और नुक्कड़ सभाओं के जरिए प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश की।

शहर की सरकार बनाने की होड़ में उम्मीदवारों ने सांसदों और विधायकों के साथ मिलकर कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। समर्थकों की भीड़ और नारों के बीच प्रत्याशी अपनी प्राथमिकताएं और विकास योजनाएं गिनाते नजर आए।

शनिवार शाम 5 बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह थम गया और अब प्रत्याशी घर-घर संपर्क तक सीमित रहेंगे।

राज्य के 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में 23 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए कुल 4304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। कुल 43,33,574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और 542 मेयर/अध्यक्ष तथा 5569 वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 22 फरवरी को पोलिंग पार्टियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित