रांची , सितंबर 27 -- झारखंड की राजधानी रांची के तिरिल स्थित सीआरपीएफ कैंप में रविवार को एक जवान ने खुद को गोली मार ली।

गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान डालटनगंज निवासी हवलदार भुवनेश्वर पाल के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि हवलदार भुवनेश्वर पाल तिरिल स्थित सीआरपीएफ कैंप में पदस्थापित थे। उन्होंने कैंप परिसर में ही खुद को गोली मारी। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित