रांची , अक्टूबर 10 -- झारखंड की राजधानी रांची के बकरी बाजार में दुर्गा पूजा को लेकर भारतीय युवक संघ की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। इस वर्ष पंडाल को तमिलनाडु के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है। पंडाल का पट 14 अक्टूबर को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। भव्य बनावट और आकर्षक साज-सज्जा के कारण यह पंडाल दुर्गा पूजा के दौरान लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

पंडाल की ऊंचाई करीब 50 फीट और चौड़ाई 45 फीट है। इसके निर्माण में बांस, लकड़ी, नारियल और जूट के कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। पंडाल की दीवारों पर विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं। मंदिर की वास्तुकला और कलात्मक सजावट को जीवंत रूप देने का प्रयास किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर जैसी भव्यता का अनुभव होगा।

पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पूजा-अर्चना मुख्य पुजारी सूर्यकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में विधि-विधान से संपन्न होगी। दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के बीच बूंदी, हलवा और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा। पूजा आयोजन के बाद 21 अक्टूबर को प्रतिमाओं का विसर्जन बड़ा तालाब में किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडाल में एक बार में करीब 200 लोगों के प्रवेश की व्यवस्था की गई है। पूजा के दौरान भारतीय युवक संघ के 145 सक्रिय सदस्य चौबीसों घंटे व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। भीड़ प्रबंधन और पूजा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

दुर्गा पूजा के दौरान बकरी बाजार परिसर में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा परिसर में फास्ट फूड की सैकड़ों दुकानें भी सजाई गई हैं। पूजा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। भव्य पंडाल, आकर्षक सजावट, प्रसाद वितरण और मेले जैसी व्यवस्था के कारण बकरी बाजार का दुर्गा पूजा उत्सव इस वर्ष भी शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित